प्रो. बालाराम पाणि करेंगे इस टूर्नामेंट का उद्घाटन
डॉ.श्रीकृष्ण शर्मा
नई दिल्ली। 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन मेजबान श्याम लाल कॉलेज के मैदान पर 2 से 9 फरवरी, 2026 तक किया जाएगा। इसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के टॉप कॉलेजों की पुरुष व महिला टीमें भाग लेंगी।
मेजबान श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर के अनुसार मुख्य अतिथि प्रोफेसर बालाराम पाणि, डीन ऑफ कॉलेजेस, दिल्ली यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट का उद्घाटन श्याम लाल कॉलेज, शाहदरा, दिल्ली के मैदान पर करेंगे। इस अवसर पर प्रो. सरिता त्यागी, एचओडी, डीपीईएसएस, डीयू, डॉ. ज्योति मान, असिस्टेंट डारेक्टर, डीयूएससी, संजीव गौतम, एसीपी, शाहदरा, सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
खेल समिति के संयोजक वी एस जग्गी ने बताया कि पुरुष वर्ग में दस टीमें तथा महिला वर्ग में छह टीमें लीग और नॉकआउट आधार पर खेलेंगी। उन्होंने बताया कि टॉप चार टीमों के बीच सेमीफाइनल खेला जाएगा। फिर दो टीमों के बीच फाइनल मैच होगा। गत वर्ष पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज की टीम ने खिताब जीता था। वहीं महिला वर्ग में दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना की टीम चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर के अनुसार कॉलेज स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और फिट इंडिया अभियान के तहत बच्चों को खेलों के माध्यम से फिटनेस के प्रति जागरुक रखने के लिए ऐसे टूर्नामेंट बेहद जरूरी हैं।
पुरुष वर्ग में श्याम लाल कॉलेज (प्रातः), इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस, किरोड़ी मल कॉलेज, एमिटी यूनिवर्सिटी, श्याम लाल कॉलेज बी, श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, श्याम लाल कॉलेज (सांध्य), हंसराज कॉलेज, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, श्याम लाल कॉलेज (एलुमनस) इस 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट के खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगी। वहीं महिला वर्ग में इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस, भारती कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना, विवेकानंद कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज के टीमें हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय देती नज़र आएंगी। ( खेल संपादक )







