अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन
धामी और रेनू बिष्ट को भी जांच के दायरे में लाने की मांग
द संडे मेल
नई दिल्ली।अंकिता भंडारी हत्याकांड की गूंज एक बार फिर दिल्ली में सुनाई दी।अंकिता भंडारी न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच की अगुवाई में किए गए प्रदर्शन में आरोपित वीआईपी नेताओं की गिरफ्तारी और सीएम धामी को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई।अंकिता भंडारी हत्याकांड और महिला सुरक्षा का मुद्दा यहां दिल्ली तक पहुंच गया है।प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीआईपीयों की गिरफ्तारी की माँग को लेकर रविवार को यहां जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया।अंकिता भंडारी न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच लगातार राज्य में अंकिता को न्याय दिलवाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है।मंच की कमला पंत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को 4 वर्ष से ऊपर हो गए हैं लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला है ।आरोपित वीआईपी अपराधी अभी तक खुलेआम घूम रहे है ।

कमला पंत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी उर्मिला राठौर ने दुष्यंत गौतम और अजय कुमार का नाम लिया है जो भाजपा के पदाधिकारी हैं । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभी तक वीआईपी अपराधियों पर कोई कारवाई नहीं की है ।
मंच की निर्मला बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड आते हैं और उनकी रैली की तैयारियों और व्यवस्था को अंकिता भंडारी हत्याकांड आरोपी वीआईपी देखते है । एक तरफ भाजपा सरकार नारी शक्ति वंदन के नाम पर नौटंकी कर रही है दूसरी तरफ उसके पदाधिकारी महिलाओं का शोषण करते हैं । भाजपा सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड के वीआईपी अपराधियों को बचाने का काम कर रही है ।
मंच के ब्रिगेडियर (रि.) सर्वेश डंगवाल ने कहा सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार वीआईपी अपराधियों को बचा रहे हैं और अंकिता भंडारी हत्याकांड में वनांतरा रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलने का आदेश उन्होंने दिया था । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अंकिता हत्याकांड में अपराधियों को को संरक्षण देने के दोषी हैं ।
मंच ने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हो। वीआईपी अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर उन्हें जांच के दायरे में लिया जाए । मंच ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में साक्ष्य मिटाने के लिए उस पर बुलडोजर चलाने का आदेश देने वाले मुख्यमंत्री धामी और भाजपा विधायक रेनू बिष्ट को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की।जंतर मंतर पर सभा को चारू तिवारी, इंद्रेश मैखुरी, प्रकाश थपलियाल, लक्ष्मण रावत आदि ने संबोधित किया ।इस प्रदर्शन में राजधानी दिल्ली क्षेत्र से भी लोग शामिल हुए, प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों में रोशन धस्माना, पदमा गुप्ता, सूरज नेगी, उमाकांत लखेड़ा, अमन रावत, विजया नैथानी, तुषार रावत, मंजू बलोदी, कृष्णा सकलानी, दीपा, नेगी, पार्वती, सुलछना, सौरव, मनीष, चंद्रकला आदि कई लोग शामिल हुए ।





