डॉ.श्रीकृष्ण शर्मा
नई दिल्ली। प्रतिष्ठित वर्ल्ड मास्टर्स एमटी 200 टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन द्वारका प्रसाद जी की स्मृति में नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम एवं आर.के. खन्ना स्टेडियम, में 6 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। टूर्नामेंट डायरेक्टर चंद्र भूषण प्रसाद के अनुसार इस टूर्नामेंट में भारतीय मास्टर्स टेनिस के कई प्रतिष्ठित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें वर्ल्ड मास्टर्स चैंपियनशिप्स में भारतीय दल का हिस्सा रह चुके खिलाड़ी भी शामिल हैं। पुरुष खिलाड़ी में अरविंद भसीन, राकेश कोहली, अजीत भारद्वाज, अजय तलवार, पवन जैन, राजन बेरी, राज दत्त, आलोक भटनागर, अवनीश रस्तोगी, विजय कुमार, स्वर्णजीत सिंह डोडी, रोहन भसीन एवं आदित्य खन्ना शामिल हैं। वहीं महिला खिलाड़ीः विभा चैधरी, जिन्होंने चार बार मास्टर्स वर्ल्ड टूर में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मानसी मजेजी एवं कमल निकुंज टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं।
चंद्र भूषण प्रसाद स्वयं भी भारत के बेहतरीन टेनिस खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने लगभग 10 वर्षों तक पी एंड टी के चैंपियन के रूप में खेला है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया(साईं) में एक कोच के रूप में अपनी सेवाएं दीं तथा मास्टर्स केटेगरी में कई बार भारतीय टीम के कप्तान भी रहे हैं।
इस टूर्नामेंट को टेनिस के लिए बेहद उपयोगी मानते हुए अनुसार चंद्र भूषण प्रसाद ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों में अब तक 22 महिला और 230 पुरुष खिलाड़ियों ने इस
टूर्नामेंट के लिए पंजीकरण कराया है। देश के विभिन्न हिस्सों से मास्टर्स खिलाड़ियों की उत्साहजनक भागीदारी इस प्रतियोगिता को सीनियर खिलाड़ियों का महाकुंभ’ बना रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन मास्टर्स टेनिस को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वर्गीय द्वारका प्रसाद की टेनिस के प्रति समर्पित जीवन और उनकी विरासत को श्रद्धांजलि देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
चंद्र भूषण प्रसाद के पिता स्वर्गीय द्वारका प्रसाद, पूर्व रेलवे चैंपियन एवं लगातार 20 वर्षों तक रेलवे चैंपियन रहे। टेनिस के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता रहा है।
एमटी 200 टूर्नामेंट वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स (अर्लियर आईटीएफ) के मास्टर्स टेनिस टूर का हिस्सा होते हैं। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स रैंकिंग प्वाइंट्स मिलते हैं। इन रैंकिंग पॉइंट्स के आधार पर खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग तय होती है और ये पॉइंट्स खिलाड़ियों के वर्ल्ड मास्टर्स टीम चैंपियनशिप्स में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ( खेल संपादक )







