वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीमें घोषित
डॉ.श्रीकृष्ण शर्मा
नई दिल्ली। वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप के लिए भारतीय पुरुष टीमें घोषित कर दी गई हैं। दिल्ली के चंद्र भूषण प्रसाद को 9वीं बार वर्ल्ड कप मास्टर्स टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। चंद्र भूषण को मेन्स 60+ वर्ग में शामिल किया गया है। चंद्र भूषण प्रसाद भारतीय खेल प्राधिकरण के टेनिस कोच और प्रशासक रहे हैं।
आगामी वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स (डबल्यूटीएमटी ) वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप 8 से 13 नवंबर 2026 तक अली बे क्लब, मानवगत, तुर्की में आयोजित की जाएगी।
अपने प्रदर्शन के आधार पर चयनित सदस्यों का एक मजबूत भारतीय दल, पुरुष 60+, पुरुष 65+ और पुरुष 70+ आयु वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीनों भारतीय टीमों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीदें भी लगाई जा रही हैं। जानकारों का मानना है कि ये टीमें इंटरनेशनल लेवल पर सीनियर खिलाड़ियों के बीच भारतीय टेनिस की ताकत को प्रमाणित करने के लिए दमखम भरा खेल दिखाकर भारतीय परचम लहराने की पूरी कोशिश करेंगे।
इन तीनों वर्गों में शामिल होने वाले भारतीय खिलाड़ियों में, वॉन क्रैम कप – मेन्स 60+ के लिए भानु प्रताप सिंह- कैप्टन, चंद्र भूषण प्रसाद, राज दत्त और राजन बेरी को शामिल किया गया है। चंद्र भूषण प्रसाद 9वीं बार भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। जो बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
ब्रिटानिया कप – मेन्स 65+ : ओंकार प्रसाद दीक्षित – कैप्टन, मेहर प्रकाश कोडुरी, अजीत भारद्वाज और प्रमोद कुमार दीक्षित चुने गए हैं। जैक क्रॉफर्ड कप – मेन्स 70+ में तुलसी रामुबिलिके सिद्धराजू – कैप्टन: डॉ. सुरिंदरजीत सिंह रंधावा, सुरिंदर मोहन शर्मा और दिलीप शिवपुरी भारत की ओर से मैदान पर उतरेंगे।
इस तीनों आयु वर्ग में 12 भारतीय खिलाड़ियों का चयन , इंडियन वेटरन टेनिस प्लेयर्स के योगदान की एक बड़ी पहचान मानी जा रही है। ये खिलाड़ी दुनिया भर की बड़ी सीनियर टेनिस टीमों के खिलाफ़ मुकाबला करेंगे, जो अनुभवी खिलाड़ियों के लिए होने वाली एक बड़ी इंटरनेशनल टीम चैंपियनशिप में से एक है। भारतीय टीम अब तुर्की में होने वाली चैंपियनशिप की गहन तैयारी में जुट जाएगी । जहाँ वे इंटरनेशनल टेनिस स्टेज पर भारतीय झंडा लेकर जाएँगे और अपनी-अपनी उम्र की कैटेगरी में सम्मान के लिए मुकाबला करेंगे। ( खेल संपादक )







