मैं 400 मीटर का विश्व रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश करना चाहती हूँ : शौने मिलर-उइबो
डॉ.श्रीकृष्ण शर्मा
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से 18 अक्टूबर 2026 को शुरू होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन (वीडीएचएम) 2026 की अंतरराष्ट्रीय इवेंट एंबेसडर और रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक 2020 में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ की स्वर्ण पदक विजेता शौने मिलर-उइबो ने जो लक्ष्य तय किया है, उसमें 400 मीटर का विश्व रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन शामिल है। उन्होंने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की तैयारी शुरू कर दी है।
वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत में समुदायों को एक बड़े उद्देश्य के लिए एकजुट करता है। उन्हें उम्मीद है कि इस साल की दौड़ अधिक महिलाओं को अपना पहला कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी। भारत की अपनी पहली यात्रा पर आईं मिलर-उइबो ने कहा “मैं 400 मीटर में हर वह खिताब जीत चुकी हूं, जिसे जीता जा सकता है। इसलिए अब मेरे लिए नए लक्ष्य तय करने का समय है। मैं विश्व रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश करना चाहती हूं। पिछले कुछ वर्षों में हमने महिलाओं को 48 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी करते देखा है। मुझे विश्वास है कि मैं भी ऐसा करने में पूरी तरह सक्षम हूं। अगर हम एक-दूसरे के खिलाफ लगातार दौड़ते रहें, तो मेरा मानना है कि हम एक-दूसरे को इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।”

मिलर-उइबो ने 2023 में बेटे और 2025 में बेटी को जन्म दिया। इसके बाद उन्होंने इस सत्र में अपनी गति और फिटनेस को दोबारा हासिल करने पर ध्यान दिया। बहामास की राजधानी नासाउ में वह अपने पिता के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने कहा, “दो बार गर्भावस्था के बाद खेल में वापसी करते समय मुझे खुद को काफी समय और धैर्य देना पड़ा। मैं चाहती थी कि जहां से मैंने छोड़ा था, वहीं से तुरंत शुरुआत कर दूं, लेकिन मुझे अपनी क्षमता और गति को दोबारा विकसित करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। इस सत्र ने मुझे दिखाया है कि मेरी गति वापस आ गई है। अब मैं 400 मीटर में वापसी करने के लिए वास्तव में उत्साहित हूं।”







