मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20आई सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित
डॉ.श्रीकृष्ण शर्मा
नई दिल्ली। डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 इंटरनेशनल (टी20आई) सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।
भारतीय टीम की कप्तानी रविंद्र सांते को सौंपी गई है, जबकि विवेक कुमार को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।

यह सीरीज़ खास इसलिए है क्योंकि इसमें शारीरिक दिव्यांगता, श्रवण बाधित (डेफ) और बौद्धिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ी एक साथ एक ही अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे।
यह सीरीज़ 29 जनवरी से 6 फरवरी तक ग्रेटर नोएडा और जयपुर में खेली जाएगी।सीरीज़ के पहले तीन मुकाबले ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में खेले जाएंगे। जबकि अंतिम दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी जयपुर करेगा। इंग्लैंड की टीम पहले ही भारत पहुंच चुकी है। कप्तान कैलम फ्लिन के नेतृत्व में इंग्लिश टीम 2025 में हुए अपने सफल घरेलू अभियान के बाद इस सीरीज़ में पहली बार उतर रही है।
इस टीम की घोषणा पर डीसीसीआई के महासचिव रवि कांत चौहान ने कहा कि, “यह भारतीय टीम देश में मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट की गहराई और विविधता को दर्शाती है। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान शानदार समर्पण दिखाया है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज भारत की प्रगति को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच होगी। इस तरह का अंतरराष्ट्रीय अनुभव इस प्रारूप को मजबूत करने और नए खिलाड़ियों को प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाता है।”
टीम इस प्रकार है-रविंद्र सांते (कप्तान – शारीरिक दिव्यांगता), विवेक कुमार (उप-कप्तान – श्रवण बाधित), आकाश सिंह (श्रवण बाधित), सिबुन नंदा (श्रवण बाधित), शारिक मजीद (श्रवण बाधित), कृष्णा गौड़ा (विकेटकीपर – श्रवण बाधित), दीपक कुमार (श्रवण बाधित), जितेंद्र वी. एन. (शारीरिक दिव्यांगता), माजिद (शारीरिक दिव्यांगता), वसीम इकबाल (शारीरिक दिव्यांगता), योगेंद्र बडोरिया (विकेटकीपर – शारीरिक दिव्यांगता), आकाश पाटिल (शारीरिक दिव्यांगता), संदीप (बौद्धिक दिव्यांगता), रिज़वान (बौद्धिक दिव्यांगता), तरुण (बौद्धिक दिव्यांगता), सोहम (बौद्धिक दिव्यांगता), जयेश परमार (बौद्धिक दिव्यांगता)। ( खेल संपादक )







