पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी टूर्नामेंटः
खालसा कॉलेज , किरोड़ी मल कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज जीते
डॉ.श्रीकृष्ण शर्मा
नई दिल्ली। यहां आयोजित किये जा रहे पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी (पुरुष एवं महिला वर्ग ) टूर्नामेंट के पहले दिन मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज की टीम ने, किरोड़ी मल कॉलेज की टीम ने और विवेकानंद कॉलेज की टीम ने जीत के साथ सिलसिला शरू किया। पुरुष वर्ग के मैच में खालसा कॉलेज की टीम ने इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आईजीआईपीईएस) की टीम को 6-0 के अंतर से हराकर एकतरफा जीत हासिल की। विजेता टीम के लिए विपिन ने 4 गोल किए, जबकि मनीष और तनुज ने एक-एक गोल करके टीम को विजयी बना दिया। इस मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के विपिन को चुना गया। श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान में उद्घाटन समारोह में पीएसपीबी के सलाहकार ललित वत्स मुख्य अतिथि रहे। दिल्ली यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सरिता त्यागी विशिष्ट अतिथि रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करके उनका हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मेहमानों के साथ एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर गुरमोहिंदर सिंह, दिल्ली विश्वविद्यालय खेल परिषद के सहायक निदेशक डॉ. सुशील कुमार और पद्म श्री पुरस्कार विजेता डॉ.रवि चतुर्वेदी ने किया।

किरोड़ी मल कॉलेज की टीम ने सेंट स्टीफंस कॉलेज की टीम को 11-2 के अंतर से हराकर जीत अपने नाम कर ली। इस मैच में समर सिंह और रोहित डांगी ने चार-चार गोल करके टीम को बड़ी जीत दिला दी। पराजित टीम ने दो गोल करके टीम की हार के अंतर को कम करने वाला काम किया। इस मैच में मैन ऑफ द मैच समर सिंह को चुनकर सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में खेले गए मैच में विवेकानंद कॉलेज की टीम ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज की टीम को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर जीत अपने नाम कर ली। यह विजयी गोल 58वें मिनट में महिमा ने करके जीत पक्की कर दी। इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज की मोनिका को चुना गया। ( खेल संपादक )







